एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के दौरान रामपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और यातायात नियंत्रण को लेकर आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था 11 से 30 नवंबर, 2026 तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत भारी वाहनों के रूट में बदलाव करने के साथ एनएच-05 पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है। वहीं, बसों और ऑटो रिक्शा के लिए भी अलग-अलग पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं।
भारी वाहनों को बाईपास से भेजा जाएगा
आदेशों के अनुसार शिमला से किन्नौर और किन्नौर से शिमला की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को सतलुज नदी के दाहिने किनारे वजीर बावड़ी से झाकड़ी तक बने बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। हालांकि, रामपुर बस अड्डे तक आने-जाने वाली बसों को इससे छूट रहेगी। इस अवधि में एनएच-05 पर नगर परिषद रामपुर क्षेत्र के अंतर्गत भारी वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। भारी वाहन खनेरी स्थित एमजीएमएससी अस्पताल से आगे ज्यूरी की ओर तथा वजीर बावड़ी से आगे शिमला की ओर निर्धारित स्थानों पर ही पार्क किए जा सकेंगे।
चौधरी अड्डा में रात 8 से सुबह 8 बजे तक होगी लोडिंग-अनलोडिंग
चौधरी अड्डा के समीप सामान की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान एक समय में केवल एक वाहन को ही अनुमति होगी। यह कार्य पुलिस प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।
एनएच-05 पर एकतरफा यातायात व्यवस्था
यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए एनएच-05 पर एकतरफा व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत किन्नौर की ओर जाने वाले वाहन वजीर बावड़ी से खनेरी तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। वहीं, किन्नौर से रामपुर आने वाले वाहनों को मेला मैदान के समीप पाट बंगला जंक्शन से गौरा सड़क मार्ग होते हुए पुलिस पोस्ट के समीप दोबारा एनएच-05 पर पहुंचना होगा।
पार्किंग और दुकानें लगाने पर भी प्रतिबंध
फील्ड हॉस्टल (एचपीएसईबीएल) की ओर जाने वाली सड़क पर किसी भी वाहन की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। सतलुज व्यू होटल से सफेद ढांक तक पहाड़ी की ओर दुकानें लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा लवी मेला मैदान के समीप पाट बंगला जंक्शन स्थित वेलकम गेट के दोनों ओर 20 मीटर के दायरे में भी किसी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी।
ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित किए पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट
ऑटो रिक्शा के संचालन के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। खनेरी और डकोलर की ओर जाने वाले ऑटो के लिए बुध मंदिर के समीप पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट बनाया गया है। यहां एक समय में अधिकतम तीन ऑटो ही खड़े हो सकेंगे। चौहाबाग और खनेरी की ओर जाने वाले ऑटो के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट से व्यवस्था रहेगी।
खनेरी से मेला मैदान, बुध मंदिर और डकोलर की ओर आने वाले ऑटो के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट से रामपुर की ओर 45 मीटर आगे एनएच-05 के बाईं ओर स्थान निर्धारित किया गया है। डकोलर से आने वाले ऑटो के लिए चौधरी अड्डा स्थित सार्वजनिक शौचालय के समीप तथा डकोलर की ओर जाने वाले ऑटो के लिए रेन शेल्टर/बस स्टॉप के सामने पिकअप-ड्रॉप की व्यवस्था रहेगी। इन दोनों स्थानों पर भी एक समय में अधिकतम तीन ऑटो खड़े हो सकेंगे।
बसों के लिए भी तय किए स्टॉपेज
किन्नौर की ओर जाने वाली बसें चौधरी अड्डा से 30 मीटर आगे राजमहल के सामने तथा एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट पर यात्रियों को उतार और बैठा सकेंगी। शिमला की ओर जाने वाली बसों के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट और चौधरी अड्डा के सामने पहले से निर्धारित बस स्टॉप पर पिकअप एवं ड्रॉप की सुविधा रहेगी।
ब्रो, जगातखाना और चाटी के स्थानीय लोगों के लिए अलग रूट
ब्रो, जगातखाना और चाटी क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को मेला मैदान अथवा रामपुर बाजार आने-जाने के लिए ब्रो-जगातखाना-चाटी-चाटी पुल-एचआरटीसी वर्कशॉप-एनएच-05 मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। ब्रो की ओर से एचआरटीसी बस अड्डे तक यह मार्ग एकतरफा रहेगा। वहीं, रामपुर से ब्रो, जगातखाना और चाटी की ओर लौटने वाले वाहन एनएच-05 से मिनी सचिवालय-ब्रो पुल मार्ग का प्रयोग करेंगे।
हालांकि, 11 से 14 नवंबर तक सुबह 8 से 10 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान पैदल यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए ब्रो की ओर जाने वाले सभी वाहनों को वजीर बावड़ी मार्ग से होकर जाना होगा।
खोपड़ी से चूहाबाग तक 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी गति सीमा
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि खोपड़ी से चूहाबाग तक एनएच-05 पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 10 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य पैदल यात्रियों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके अलावा 11 से 30 नवंबर तक पाट बंगला चौक पर बसों सहित किसी भी प्रकार के वाहन को रुकने की अनुमति नहीं होगी।
एसडीएम ने वाहन चालकों, स्थानीय निवासियों और आम जनता से अपील की है कि वे मेले के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें, ताकि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
