एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार दंत चिकित्सा सेवाओं को आधुनिक एवं बेहतर बनाने के लिए दंत महाविद्यालयों को अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाएगी। इसके साथ ही दंत महाविद्यालयों में शैक्षणिक और क्लीनिकल सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सीनियर रेजिडेंसी नीति भी लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दंत चिकित्सकों के साथ संवाद करते हुए प्रदेश में दंत चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को विश्वस्तरीय, सुलभ और आधुनिक तकनीक से युक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि दंत चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार पहले ही 5.10 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है, जबकि आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 18 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। राजीव गांधी राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय शिमला को उच्च तकनीक वाली डेंटल चेयर्स, सीबीसीटी मशीनें, इंट्रा ओरल स्कैनर और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर टेबल उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अलावा पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हमीरपुर में लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जा रहा है। चमियाणा में भी नए दंत चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के निर्माण की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने लेक्चरर के पद पर कार्यरत संकाय सदस्यों को असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर पदोन्नत करने, शिमला दंत महाविद्यालय में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट की सुविधा देने और ट्रामा सेंटरों में डेंटल चेयर्स स्थापित करने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में दंत चिकित्सकों की सहायता के लिए मल्टी टास्क वर्कर्स तैनात किए जाएंगे। नॉन प्रैक्टिसिंग अलाउंस देने के विषय पर भी विचार किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
