एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान रामपुर में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच ऑटो चालकों की ओर से मनमाना किराया वसूलने का मामला सामने आया है। रामपुर से रचोली रूट पर सफर करने वाले यात्रियों से निर्धारित 70 रुपये के बजाय 100 से 150 रुपये तक किराया वसूले जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे रोजाना इस रूट पर सफर करने वाले ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लवी मेले में यात्रियों की अधिक संख्या का फायदा उठाकर कुछ ऑटो चालक मनमर्जी से किराया वसूल रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि निर्धारित 70 रुपये किराया देने की बात कहने पर कई चालक यात्रियों को रचोली ले जाने से ही मना कर देते हैं। ऐसे में लोगों को मजबूरी में अधिक पैसे देकर सफर करना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर उन ग्रामीणों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजमर्रा के कामकाज के लिए रामपुर आना-जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार किराये में बढ़ोतरी को लेकर संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद यात्रियों से अधिक किराया वसूला जाना उचित नहीं है। लोगों ने परिवहन विभाग से रूट पर किराये की नियमित जांच करने और निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करवाने की मांग की है।
पार्वती नेगी, रीना, रेखा, अनिता, रमेश कुमार, मुकेश, अनिल, रिकू और अथर्व सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यात्रियों को परेशान करने और मनमाना किराया वसूलने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने ऐसे चालकों के परमिट और लाइसेंस रद्द करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई : आरटीओ
आरटीओ रामपुर बुशहर नरेश शर्मा ने कहा कि अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं पहुंची है। यदि निर्धारित किराये से अधिक वसूली की जा रही है तो शिकायत मिलने पर संबंधित ऑटो चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लवी मेले के चलते 30 रुपये बढ़ाया किराया : यूनियन अध्यक्ष
बुशहर ऑटो यूनियन रामपुर बुशहर के अध्यक्ष गोपाल ने बताया कि रचोली रूट का सामान्य किराया 70 रुपये है। लवी मेले के चलते यूनियन की ओर से 30 रुपये अतिरिक्त किराया बढ़ाया गया है। ऐसे में यात्रियों से 100 रुपये किराया लिया जा रहा है।
