एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की रामपुर महाविद्यालय इकाई की ओर से वीरवार को महाविद्यालय परिसर में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती एवं स्त्री शक्ति दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की विभिन्न संकायों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, वीरता, त्याग और बलिदान को दर्शाया। इसके साथ ही वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान को भी रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर अभाविप इकाई की कार्यकर्ता सोनाली राणा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रतिवर्ष वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती को स्त्री शक्ति दिवस के रूप में मनाती है। परिषद का प्रयास रहता है कि छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाया जाए। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारतीय इतिहास की ऐसी महान वीरांगना थीं, जिन्होंने वर्ष 1857 की क्रांति के दौरान अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया। उनका जीवन त्याग, शौर्य, स्वाभिमान और देशभक्ति का प्रतीक है। आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर निडर, आत्मनिर्भर और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के समापन पर अभाविप इकाई के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अभाविप रामपुर महाविद्यालय इकाई के अन्य कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
