एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने और सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए पावर ग्रिड हिमाचल प्रदेश ट्रांसमिशन लिमिटेड ने सीएसआर के तहत बड़ी पहल की है। कंपनी ने खेल सुविधाओं के विकास के लिए 46 लाख रुपये और विभिन्न स्कूलों की जरूरतों को पूरा करने के लिए 60 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस तरह क्षेत्र में विकास कार्यों पर कुल 1.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस संबंध में शुक्रवार को एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह और पावर ग्रिड हिमाचल प्रदेश ट्रांसमिशन लिमिटेड रामपुर के वरिष्ठ डीजीएम प्रवीण कुमार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ ही विद्यार्थियों को स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाना है।
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस योजना में कबड्डी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और वॉलीबाल को शामिल किया गया है। इन खेलों से जुड़ी चारों एसोसिएशनों तथा कॉलेज प्रबंधन के साथ बैठक कर आवश्यक खेल उपकरणों की सूची तैयार की गई थी। इसी आधार पर पावर ग्रिड ने 46 लाख रुपये की राशि मंजूर की है। उन्होंने बताया कि स्वीकृत राशि से खरीदे जाने वाले खेल उपकरण कॉलेज प्राचार्य के पास उपलब्ध रहेंगे। क्षेत्र की संबंधित खेल एसोसिएशन निर्धारित किराये और शर्तों के अनुसार इन उपकरणों का उपयोग कर सकेंगी। इससे खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए बेहतर संसाधन मिलेंगे। साथ ही कॉलेज और क्षेत्र में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के दौरान भी इन उपकरणों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
एसडीएम ने बताया कि खेल सुविधाओं के अलावा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से भी आवश्यक उपकरणों और आधारभूत सुविधाओं को लेकर स्कूलों से भी प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिस पावर ग्रिड ने 60 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की है। इस धनराशि से स्कूलों में जरूरी सुविधाओं को विकसित करने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि के उपयोग में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी कार्यों और खरीद प्रक्रिया को खुली निविदा के माध्यम से पूरा किया जाएगा। एसडीएम कार्यालय की ओर से टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत चयनित फर्मों को कार्य सौंपे जाएंगे। सामग्री की खरीद और कार्य पूरा होने के बाद भुगतान सीधे संबंधित फर्मों के बैंक खातों में किया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी पहले दे चुका है सहयोग
पावर ग्रिड हिमाचल प्रदेश ट्रांसमिशन लिमिटेड इससे पहले भी बुशहर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आर्थिक सहयोग कर चुका है। कंपनी ने महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी के लिए करीब 70 लाख रुपये तथा ननखड़ी अस्पताल के लिए लगभग 16 लाख रुपये की लागत से चिकित्सा उपकरण और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करवाई थी।
एसडीएम ने कहा कि सीएसआर के तहत पावर ग्रिड की ओर से दिया जा रहा यह सहयोग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। इससे एक ओर स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे, वहीं दूसरी ओर स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह का निवेश युवाओं के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा।
