एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जी.बी. पंत मेमोरियल महाविद्यालय रामपुर बुशहर के वाणिज्य विभाग की ओर से विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग करने के उद्देश्य से दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया एवं वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. राजन नेगी के नेतृत्व में हुआ। इसमें मुख्य वक्ता प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों को वित्तीय प्रबंधन, बचत, निवेश और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम दो दिनों में पांच सत्रों के माध्यम से आयोजित किया गया। पहले दिन वाणिज्य विभाग, बी.वॉक, बीसीए, एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थियों तथा विज्ञान विभाग के बीएससी और एमएससी विद्यार्थियों के लिए सत्र आयोजित हुए। इन सत्रों में धन प्रबंधन, वित्तीय नियोजन, निवेश के विकल्प, जोखिम एवं रिटर्न की समझ और डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग पर चर्चा की गई।
विद्यार्थियों को ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, फिशिंग, साइबर फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए। उन्हें अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
दूसरे दिन गर्ल्स एवं बॉयज छात्रावास के विद्यार्थियों और ह्यूमैनिटीज (आर्ट्स) विभाग के विद्यार्थियों के लिए सत्र आयोजित किए गए। इनमें बचत की आदत विकसित करने, भविष्य की वित्तीय योजना बनाने और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही साइबर ठगी होने की स्थिति में उचित शिकायत दर्ज करवाने के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के शिक्षक डॉ. ईश्वर नेगी, डॉ. आशीष चौहान, डॉ. हीरा भक्ति एवं डॉ. कृष्ण कुमार नेगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय समझ विकसित करना और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।
