एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
बर्फबारी के दौरान लोगों और पर्यटकों को परेशानी से बचाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन शिमला ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी विभागों को बहुआयामी तैयारियां रखने और आपसी समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी कार्यालयों, स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को सेफ्टी ऑडिट करवाने के निर्देश दिए। सर्दियों में आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में बैठक कर सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा राशन, गैस और डीजल का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। जिले की विभिन्न पंचायतों को आपदा सुरक्षा किट वितरित की गई हैं। इनमें छोहारा की 30, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतें शामिल हैं।
विंटर कार्निवाल के लिए भी तैयारी
25 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल के दौरान प्रतिदिन करीब 12 हजार वाहनों के शिमला पहुंचने की संभावना है। पुलिस को कानून व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और यातायात प्रबंधन मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
बर्फबारी के दौरान बिजली, पानी और सड़कें जल्द बहाल करने, अस्पतालों में दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा एंबुलेंस में टायर चेन उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहेगा। किसी भी आपदा की सूचना टोल फ्री नंबर 1077 पर दी जा सकती है।
शिमला को पांच सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। अस्पतालों, सचिवालय, राजभवन, ओक ओवर, छोटा शिमला, संजौली, कुफरी और प्रमुख संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर बर्फ हटाकर यातायात के लिए बहाल किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, एएसपी गौरवजीत सिंह सहित विभिन्न एसडीएम और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
