शिमला। मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना 11 दिसंबर से शुरू होगी। ग्रामीण विकास विभाग ने बुधवार को योजना की अधिसूचना जारी कर दी है। योजना के तहत प्रदेश की करीब 3.50 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही पात्र परिवारों को घरेलू बिजली खपत पर प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को दिया जाएगा, जिनकी सरकार की ओर से सर्वेक्षण के बाद पात्रता का सत्यापन और अनुमोदन किया जाएगा। महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।
1500 रुपये की सहायता के लिए ये शर्तें जरूरी
योजना के तहत आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए महिला की आयु 18 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा आधार प्रमाणीकरण, ई-केवाईसी और आधार पेमेंट ब्रिज से जुड़ा सक्रिय बैंक खाता होना अनिवार्य है। केंद्र या प्रदेश सरकार की किसी अन्य योजना के तहत इसी तरह की नियमित वित्तीय सहायता प्राप्त कर रही महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
अधिकतम दो बिजली मीटरों पर मिलेगी राहत
योजना में पात्र परिवारों को बिजली बिल में भी राहत देने का प्रावधान किया गया है। एक परिवार के अधिकतम दो घरेलू बिजली मीटरों की संयुक्त खपत पर हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। यदि परिवार के पास केवल एक मीटर है तो उसी पर यह छूट लागू होगी। दो मीटर होने की स्थिति में दोनों की कुल खपत 300 यूनिट तक मुफ्त रहेगी। इस व्यवस्था को हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड लागू करेगा।
परिवारों की जरूरत के अनुसार बनेगा विकास रोडमैप
योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी परिवार की सामाजिक और आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसमें रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषय शामिल होंगे। परिवारों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। लाभार्थियों के पंजीकरण, पात्रता सत्यापन, भुगतान और निगरानी की प्रक्रिया मुख्यमंत्री अपना परिवार (एमएमएपी) पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी। पोर्टल पर योजना से जुड़े प्रत्येक बदलाव और भुगतान का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा।
पंचायत सचिव से उपायुक्त तक तय की गई जिम्मेदारी
योजना के क्रियान्वयन के लिए अलग-अलग स्तरों पर अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। पंचायत सचिव परिवारों का सत्यापन और वार्षिक पात्रता समीक्षा करेंगे, जबकि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पात्रता तय करेंगे। एसडीएम विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे और उपायुक्त जिला स्तर पर पूरी योजना की देखरेख करेंगे।
योजना से संबंधित शिकायतें बीडीओ कार्यालय या ऑनलाइन दर्ज करवाई जा सकेंगी। शिकायतों का निपटारा 15 दिनों के भीतर करना होगा। बीडीओ के फैसले के खिलाफ सात दिनों के भीतर एसडीएम के पास अपील की जा सकेगी। एसडीएम को भी 15 दिनों में निर्णय लेना होगा। गलत जानकारी देकर या धोखाधड़ी से योजना का लाभ लेने वालों से सहायता राशि वसूल की जाएगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सोशल ऑडिट और तृतीय पक्ष मूल्यांकन का भी प्रावधान किया गया है।
