एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। हमारा संविधान, हमारा अभिमान थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने युवा संसद, वाद-विवाद प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और समसामयिक सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया मुख्य अतिथि तथा उपप्राचार्य विद्या बंधु विशेष अतिथि रहे। समारोह का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुआ। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष कमलेश ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
विद्यार्थियों की युवा संसद प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। इसमें संविधान निर्माण से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को मंच पर जीवंत किया गया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संवैधानिक विषयों पर तर्कपूर्ण विचार रखे, जबकि नेट-यूजी प्रश्नपत्र लीक प्रकरण पर आधारित नुक्कड़ नाटक के जरिए समसामयिक मुद्दे को उठाया गया।
विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने संविधान के मूल्यों को अपनाने तथा अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यायनी सोसायटी ने सक्रिय भूमिका निभाई। सहायक आचार्य हेमलता ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
