एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान युगराज पुत्र प्यार चंद, निवासी कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कोटी और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा था तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब में छिपा हुआ था। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मामला 15-16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि का है। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर लोअर चक्कर स्थित एक आवासीय कमरे में तलाशी ली थी। इस दौरान एक महिला आरोपी हीना के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। मामले में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 218/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मुख्य सप्लायर युगराज का नाम सामने आया था, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नशे की सप्लाई के लिए एक महिला से संपर्क स्थापित कर उसके क्वार्टर को कथित तौर पर सप्लाई ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया था। वह अन्य साथियों के सहयोग से शिमला में नशे का कारोबार संचालित कर रहा था। पुलिस को आरोपी के अंतरराज्यीय नशा तस्करों से संपर्क होने के भी संकेत मिले हैं।
आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह पंजाब के मोहाली (एसएएस नगर) में दर्ज अभियोग संख्या 66/22 के तहत 20 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशा सप्लाई नेटवर्क, उसके अन्य सहयोगियों और नशे की आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
