एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर | कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बुधवार सुबह बिलासपुर कोर्ट में पेशी के लिए आए पंजाब के एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। हमले में लुधियाना निवासी युवक सन्नी गिल के सिर, टांग और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज एम्स (AIIMS) बिलासपुर में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर गोलीकांड के आरोपी सौरभ पटियाल समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
यह वारदात सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच मंडी भराड़ी पुल के पास हुई। हैरान करने वाली बात यह रही कि घटना के समय मौके पर एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड जवान तैनात था, लेकिन उन्होंने हमलावरों को रोकने या घायल को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। इस घोर लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने पुलिसकर्मी को तुरंत निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। वहीं होमगार्ड जवान को ड्यूटी से हटाकर वापस बटालियन भेज दिया है।
पुरानी रंजिश और गैंगवार का शक
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल सन्नी गिल वही युवक है जिस पर वर्ष 2024 में बिलासपुर कोर्ट परिसर के पास इसी सौरभ पटियाल उर्फ फांदी पर गोली चलाने का आरोप लगा था। माना जा रही है कि इसी रंजिश ने सौरभ ने सन्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगी कि युवक पर हमला करने के पीछे क्या कारण रहा। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
