एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में तरुण किन्नौर स्टूडेंट एसोसिएशन की ओर से एंटी रैगिंग शपथ समारोह एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
समारोह के दौरान एसोसिएशन की उपाध्यक्ष आंचल लोक्टस ने एंटी रैगिंग शपथ दिलाई। विद्यार्थियों और एसोसिएशन के सदस्यों ने शपथ को सामूहिक रूप से दोहराते हुए महाविद्यालय परिसर को रैगिंग मुक्त, सुरक्षित, अनुशासित और सम्मानजनक बनाए रखने का संकल्प लिया।
नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने नशे से स्वयं दूर रहने के साथ-साथ समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन के अध्यक्ष आर्यन विक्रास के नेतृत्व में किया गया। उपाध्यक्ष आंचल लोक्टस, महासचिव अंकिता मोयन, संयुक्त सचिव प्रशांत नेगी एवं प्रशांत, कोषाध्यक्ष मिंटू नेगी एवं मनीषा राज ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। संस्कृति सचिव विशेष एवं अलीशा तथा खेल सचिव मुंकिता चारस ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
एसोसिएशन के सदस्यों ने विद्यार्थियों से अनुशासन, आपसी सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन “नशे को ना, जिंदगी को हां” के संदेश के साथ हुआ।
