एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
किन्नौर जिले में रविवार सुबह सांगला-छितकुल मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। बटसेरी के समीप बारकी में एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 125 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक 34 वर्षीय कमल मेहता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, शिमला जिले के धनयोटी निवासी कमल मेहता अपने साथी 28 वर्षीय मुनीश चौहान, निवासी बखौल, के साथ स्विफ्ट कार नंबर HP 06B 4640 में रक्छम से सांगला की ओर जा रहे थे। बारकी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में कमल मेहता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मुनीश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने के कारण दुर्घटना हुई, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
