एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू | हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर अचानक आए एक लावारिस पशु से टकराने के बाद अनियंत्रित बाइक सीधे सड़क के नीचे एक घर के आंगन में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को जब पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था, तब रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरी घाटी में मातम पसर गया है।
रात के अंधेरे में हुआ हादसा, चंडीगढ़ के रास्ते में तोड़ा दम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार देर रात कुल्लू के नारू क्लीनिक के समीप पेश आया। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय मन्नत सूद निवासी जरी और 20 वर्षीय इशांत शर्मा निवासी जलग्रां, कुल्लू के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में गहरे दोस्त थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को 108 एंबुलेंस के जरिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। बाइक हादसे के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए गहन छानबीन की जा रही है।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla : ननखड़ी में HRTC बस 100 फीट गहरी खाई में गिरी, कंडक्टर समेत 2 की मौत; 20 यात्री घायल
