एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर | शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र में बुधवार शाम हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से परिचालक (कंडक्टर) समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शाम करीब 6:30 बजे रामपुर-खड़ाहण-कोटाधार-खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के पास हुआ, जहां बस (HP-06A-6454) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 100 फीट नीचे जा गिरी।
कंडक्टर और बुजुर्ग यात्री की मौके पर मौत

बस रामपुर से खोलीघाट की ओर जा रही थी और उसमें करीब 22 लोग सवार थे। हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी (निवासी गड़ोली, ननखड़ी) और 72 वर्षीय बुजुर्ग दाखू राम (निवासी शालू, खड़ाहण) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने मिलकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर, खनेरी (रामपुर) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

उपायुक्त (DC) शिमला अनुपम कश्यप ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत मृतकों के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी है। एसडीएम (SDM) रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी खुद अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों के उपचार की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।
हादसे में ये लोग हुए घायल

घायलों में रमेश चौहान निवासी रघुनाथ मोहल्ला, वार्ड तीन, रामपुर, उनकी पत्नी ममता, बेटी साक्षी के अलावा स्पर्श (बड़ाच), सुरेश कुमार (खड़ाहण), अलका (खनोटी), कमला देवी (खड़ाहण), ज्ञान सिंह (खड़ाहण), अक्षिता (बरोली), गोविंद (दनाऊली), बस चालक हरि सिंह, सोनिका (कोटाधार), प्रद्युमन खूंद (कोटाधार), शेर सिंह (ठारला), दीक्षिता चौहान (दनाऊली), शोभा रानी (दरोटी), कुंदन शर्मा ( भमनोली), धनी राम (खड़ाहण), जगदेव सिंह (जाहूडीम), अमर सिंह चौहान (दनाऊली), साहिब सिंह (खड़ाहण) और प्रदीप कुमार (दनाऊली) शामिल हैं।
