एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में एनजेएचपीएस स्पोर्ट्स काउंसिल के तत्वावधान में आयोजित पुरुष फुटबॉल एवं महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। समापन समारोह में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर मुख्य अतिथि तथा लेडीज़ क्लब की चीफ पैट्रन शिवाली कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टीम येलो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ग्रीन को हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम रेड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में वाइपर्स एफसी ने यूनाइटेड एफसी को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टाइटन एफसी तीसरे स्थान पर रही।
मुख्य अतिथि राजीव कपूर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी प्रभावी साधन हैं।
उन्होंने एनजेएचपीएस स्पोर्ट्स काउंसिल और आयोजन समिति की सफल आयोजन के लिए सराहना की तथा कर्मचारियों से भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
