एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ब्लॉक कांग्रेस रामपुर की ओर से भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश के लिए उनके योगदान को याद किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में कंप्यूटर और दूरसंचार क्षेत्र को बढ़ावा मिला, जिसने देश में तकनीकी विकास की नई नींव रखी। इसके अलावा 61वें संविधान संशोधन के माध्यम से मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई, जिससे युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की। महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए स्थानीय निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने की दिशा में उनके प्रयासों को भी याद किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 1986 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने तथा जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना को भी उनके महत्वपूर्ण योगदानों में गिना गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच और आधुनिक भारत के निर्माण के लिए किए गए प्रयास आज भी देश के विकास में दिखाई देते हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, महासचिव राजीव ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, राजेश गुप्ता, राजेश लारजू, भूवेश धीमान, डीडी कश्यप और मोहन लाल भाटिया सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
