स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) रामपुर इकाई ने राजकीय महाविद्यालय रामपुर में बंद किए गए पत्रकारिता एवं जनसंचार (जेएमसी) विषय को दोबारा शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में एसएफआई ने उपमंडलाधिकारी रामपुर के माध्यम से उच्च शिक्षा निदेशक, हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में महाविद्यालय में जेएमसी विषय को तत्काल बहाल कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई है। इसके साथ उन छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए हैं, जिन्होंने विषय को दोबारा शुरू करने की मांग का समर्थन किया है।
एसएफआई के सचिव राहुल विद्यार्थी ने कहा कि पत्रकारिता एवं जनसंचार जैसे रोजगारोन्मुख विषय को बंद करना विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ है। क्षेत्र के अनेक विद्यार्थी इस विषय में अध्ययन करना चाहते हैं, लेकिन विषय बंद होने के कारण उन्हें अपनी पसंद की पढ़ाई से वंचित होना पड़ रहा है या फिर शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि 20 जुलाई तक जेएमसी विषय को पुनः बहाल कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाए। निर्धारित समय तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो एसएफआई छात्र-छात्राओं को साथ लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। इसकी जिम्मेदारी उच्च शिक्षा विभाग और प्रशासन की होगी।
राहुल विद्यार्थी ने कहा कि एसएफआई छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
