एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सोलन
हिमाचल प्रदेश के कुनिहार में बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आया है। लेखन कार्य के दौरान दो बैलेट पेपर गायब मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर दर्ज करवाई है।
खंड विकास अधिकारी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि पंचायत खनलग के लिए भेजे गए बैलेट पेपरों में से जांच के दौरान इनमें से क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र नहीं मिले। बताया जा रहा है कि 16 मई से विकास खंड मुख्यालय कुनिहार में पंचायत चुनाव के लिए बैलेट पेपर लेखन कार्य शुरू किया गया था। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और कर्मचारियों को बैलेट पेपर वितरण और लेखन कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
प्रशासन ने मामले को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने का फैसला लिया। मामले के सामने आने के बाद चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आठ कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
