एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन (एचपीएस) में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े का शुभारंभ 17 सितंबर को अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर किया गया।
परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने स्वच्छता को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने, अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही, प्रत्येक वर्ष स्वच्छता के लिए 100 घंटे समर्पित करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान दे। उन्होंने कर्मचारियों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शारीरिक स्वच्छता के साथ स्वभाव और संस्कार की स्वच्छता को भी जीवन में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने आसपास के स्थानों एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान रामपुर एचपीएस के परियोजना परिसर और परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता जागरूकता अभियान, सफाई कार्यक्रम, पोस्टर एवं संदेश प्रदर्शन तथा कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से जागरूकता गतिविधियां शामिल रहेंगी।
