एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर स्पोर्टस, कलचरल्स व पर्यावरण एसोसिएशन की ओर से रविवार को सराहन में निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे करीब 1000 मरीजों की आंखों की जांच की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से आंखों से संबंधित समस्याओं को लेकर आवश्यक परामर्श लिया।

डीएसपी रामपुर ने किया शिविर का शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा और पंचायत प्रधान ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उन्होंने एसोसिएशन के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में इस तरह के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को अपने घर-द्वार के समीप विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलती हैं।
राहुल सोनी ने कहा- आगे भी होंगे जनकल्याणकारी आयोजन
शिविर की अध्यक्षता बुशहर स्पोर्टस, कलचरल्स व पर्यावरण एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी ने की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही है। भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चिकित्सकों ने मरीजों को दी आवश्यक सलाह
शिविर में अविनाश आइज केयर भद्राश अस्पताल के चिकित्सक अविनाश नेगी और उनकी टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की। चिकित्सकों ने आंखों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच करने के साथ मरीजों को आवश्यक सावधानियों और उपचार के संबंध में परामर्श दिया।
ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों की सूची जल्द होगी जारी
आयोजकों के अनुसार जांच के दौरान जिन मरीजों में आंखों के ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई है, उनकी सूची और ऑपरेशन से संबंधित आगामी जानकारी चिकित्सकों की ओर से जल्द जारी की जाएगी। संबंधित मरीजों को इसके बाद आगे के उपचार की प्रक्रिया के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
शिविर के सफल आयोजन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। ग्रामीणों ने निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित करने के लिए आयोजकों का आभार जताया।
