शिमला। भारतीय सेना के अद्वितीय साहस और ऑपरेशन सिंदूर में जवानों के शौर्य को सम्मान देने के उद्देश्य से शिमला बार एसोसिएशन ने कोर्ट परिसर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह आयोजन देशभक्ति की भावना के साथ अधिवक्ता समुदाय के राष्ट्रप्रेम का जीवंत उदाहरण बना। इस अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सेना के बलिदान और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि सैनिकों के गौरव को जन-जन तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने शिमला बार एसोसिएशन की इस पहल को प्रेरणास्पद बताते हुए अधिवक्ताओं के देशप्रेम की सराहना की।
कोर्ट परिसर से आरंभ हुई यह यात्रा ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ संपन्न हुई, जिससे वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम के अंत में एम.सी. भारद्वाज ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां समाज में राष्ट्रीय एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। कार्यक्रम में कैलाश फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन रवि मेहता, भाजपा जिला शिमला अध्यक्ष केशव चौहान, वरिष्ठ अधिवक्ता यशपाल ठाकुर, बार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य मुनिश महेंद्रू, विपिन शर्मा, भूषण शर्मा, दिनेश चौहान, सुनीता सूद, संजीव शर्मा, रानी ठाकुर व महेंद्र ठाकुर ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
सांसद निधि से 5 लाख की घोषणा, डीआरटी बेंच शिफ्ट का आश्वासन : सांसद कश्यप ने कार्यक्रम में लाइब्रेरी के लिए अपनी सांसद निधि से ₹5 लाख की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में स्थित डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल (DRT) की एक बेंच को जल्द ही शिमला स्थानांतरित किया जाएगा। केंद्र सरकार से इस संबंध में मांग की जा चुकी है।
