Women Asia Cup 2026 : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 111 रन पर ऑलआउट हो गई।इस जीत के साथ भारत ने एशिया कप में अपना दबदबा कायम किया है और आठवीं बार चैंपियन बना। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और ग्रुप चरण से लेकर फाइनल तक लगातार जीत दर्ज की।
मंधाना और शेफाली ने रखी जीत की नींव

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। शेफाली ने 39 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 39 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के लगाकर 59 रन की पारी खेली। शेफाली ने इस दौरान टी20 करियर का 21वां अर्धशतक पूरा किया। सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद भारत की रन गति कुछ धीमी हुई। ऋचा घोष ने 17, हरमनप्रीत कौर ने 14 और दीप्ति शर्मा ने पांच रन बनाए। जी. कमालिनी 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 183 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को समेटा

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। हालांकि, कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद लगातार विकेट निकालकर मुकाबले पर पकड़ बना ली। अट्टापट्टू ने 36 और विश्मी ने 20 रन बनाए। इसके बाद श्रीलंका की पारी बिखर गई और पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से श्री चरणी ने चार विकेट, जबकि दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट हासिल किए। क्रांति गौड़, शेफाली वर्मा और प्रेमा रावत को एक-एक सफलता मिली।
आठवीं बार भारत के नाम खिताब

भारत ने महिला एशिया कप में रिकॉर्ड आठवीं बार ट्रॉफी जीती है। इससे पहले टीम ने 2004, 2005, 2006 और 2008 में वनडे प्रारूप में तथा 2012, 2016 और 2022 में टी20 प्रारूप में खिताब जीता था। 2026 की जीत के साथ भारत ने आठवीं ट्रॉफी अपने नाम कर ली।भारत 2018 और 2024 में फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन दोनों मौकों पर उसे खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। 2026 में टीम ने शानदार प्रदर्शन के साथ ट्रॉफी पर फिर कब्जा जमा लिया।
