एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के 12/20 क्षेत्र के बागवान और ग्रामीण बाहलीधार वाया देवठी सड़क की खस्ताहालत से बुरी तरह परेशान हैं। सेब सीजन के बीच, सेरी पुल के पास सड़क के ध्वस्त होने से देवठी, कूहल, मुनिश और काशापाट पंचायत के हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने अधिशाषी अभियंता (XEN) लोनिवि रामपुर को एक मांगपत्र सौंपा है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि यदि पांच दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई, तो वे विभाग का घेराव करेंगे।
सेब सीजन में भारी नुकसान का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि इस साल भी वैकल्पिक मार्ग तैयार न होने से उन्हें भारी खामियाजा उठाना पड़ रहा है। शांदल-बाहलीधार सड़क की हालत बेहद दयनीय है, जिससे सेब लदी गाड़ियों की आवाजाही में जोखिम बढ़ गया है। प्रेम चौहान, पुज्यदेव मांटा सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि कई जगहों पर सड़कें इतनी खराब हैं कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
हजारों पेटियां सेब फंसीं
बरसात और खराब सड़कों के कारण हजारों पेटियां सेब खेतों और गांवों में फंसी पड़ी हैं। समय पर मार्केट तक न पहुंच पाने के कारण बागवानों को आर्थिक नुकसान होने का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बाहलीधार वाया देवठी सड़क को तुरंत प्राथमिकता के आधार पर ठीक कर छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जाए।
विभाग ने दिए कार्रवाई के संकेत
इस मामले में अधिशाषी अभियंता लोनिवि रामपुर एसके नेगी ने बताया कि विभाग ने सड़क खोलने के लिए मशीनरी तैनात कर दी है। जल्द ही इस मार्ग को छोटे वाहनों के लिए चालू करने की कोशिश की जा रही है।
