एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में स्वच्छता पखवाड़े के तहत छात्राओं ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावशाली रैली निकाली। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने की। पिछले 15 दिनों से विद्यालय में स्वच्छता को लेकर कई गतिविधियां और अभियान चलाए गए।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य पीपी दुल्टा ने बताया कि प्रातः कालीन सभा में रोजाना स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। छात्राओं और अध्यापकों ने व्यक्तिगत, विद्यालय और समाज की स्वच्छता के लिए प्रतिज्ञा ली, ताकि रामपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। अंतर सदन भाषण प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में वंदिता जोशी (जागृति हाउस) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कनिष्ठ वर्ग में मुस्कान (प्रगति हाउस) ने पहला स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग की समृद्धि (चेतना हाउस) और वरिष्ठ वर्ग की अंजलि (जागृति सदन) ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना, इको क्लब और स्काउट एंड गाइड की छात्राओं ने रामपुर बाजार में “अपना शहर स्वच्छ शहर” के नारे के साथ रैली निकालकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने सभी छात्राओं, अध्यापकों और निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर निर्मला चौहान, उमा वर्मा, यशपाल ठाकुर, अंजना और कुसुम धीमान ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
