एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने लखनपुर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, धौलरा और डियारा सेक्टर में जाकर जल निकासी और भू-धंसाव की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए।
लखनपुर क्षेत्र में घरों के भीतर बारिश का पानी आने की समस्या पर उपायुक्त ने नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग को जल निकासी का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। इसी तरह, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और धौलरा में भी जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए त्वरित कार्यवाही के आदेश दिए। डियारा सेक्टर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जमीन धंसने की समस्या को गंभीरता से लिया और एसडीएम सदर को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, नगर परिषद और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
