एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। समाजशास्त्र विभाग की सोशियोलॉजिकल सोसाइटी द्वारा गोविंद बल्लभ पंत राजकीय महाविद्यालय, रामपुर में “युवा और सामाजिक न्याय” विषय पर एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सामाजिक न्याय के महत्व को समझाना और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। इसके बाद समाजशास्त्र विभाग की छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन अदिति मेहता और कोमल शर्मा ने किया।
समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. प्रताप ठाकुर ने “युवा और सामाजिक न्याय” विषय पर विस्तृत स्वागत भाषण दिया, जिसमें उन्होंने सामाजिक न्याय की भूमिका और युवाओं की जिम्मेदारी पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने भी समाजशास्त्र और मानवशास्त्र के महत्व पर अपने विचार साझा किए और युवाओं को समानता एवं न्याय बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक मंडल के अध्यक्ष प्रोफेसर प्रोमिला ठाकुर, डॉ. नरेंद्र नेगी, और प्रोफेसर नोरबू ज़ांगमो जी थे। पोस्टर मेकिंग में मीनाक्षी ने प्रथम, अदिति मेहता ने द्वितीय, और रवीना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में मुस्कान राठौर प्रथम, अभय छोटा द्वितीय, और आंचल नेगी तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया द्वारा सम्मानित किया गया।
इस शैक्षणिक कार्यक्रम ने युवाओं में सामाजिक न्याय के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया और सभी प्रतिभागियों ने इस विषय पर अपने विचार साझा कर एक सकारात्मक संदेश दिया।
