एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई ने प्रेस वार्ता में रामपुर महाविद्यालय में राजनीतिक दलों के अनुचित हस्तक्षेप को लेकर गंभीर चिंता जताई। जिला संयोजक रवि वर्मा ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन ने बुशहर स्वास्तिक सोसाइटी को महाविद्यालय के खेल मैदान और संसाधनों का उपयोग करने की अनुमति दे दी है, जबकि छात्र संगठनों को आवश्यक सुविधाएँ जैसे ऑडिटोरियम नहीं मिल रहा है।
रवि वर्मा ने स्पष्ट किया कि महाविद्यालय प्रशासन का यह रवैया छात्रों के प्रति अन्यायपूर्ण और पक्षपातपूर्ण है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या छात्र जो स्ट्रक्चरल फीस देते हैं, उन्हें अपने महाविद्यालय में सुविधाओं से वंचित रखा जाएगा? परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि वह तत्काल ऑडिटोरियम छात्रों के लिए खोलें और बुशहर स्वास्तिक सोसाइटी को मिली अनुमति रद्द करें।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों को तुरंत पूरा नहीं किया गया, तो वे मजबूरन उग्र आंदोलन का सहारा लेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। परिषद ने प्रशासन से अपील की है कि वह छात्र हित में सुधारात्मक कदम उठाए।