एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सिरमौर
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। हादसा संगड़ाह क्षेत्र के गतलोग के समीप हुआ, जहां एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार रात करीब 12:45 बजे हुई। बताया जा रहा है कि 11 अगस्त को जगदीश शर्मा की हृदयाघात से संगड़ाह अस्पताल में मौत हो गई थी। उनके शव को गांव अरलू ले जाने के लिए परिजन बोलेरो कैंपर के माध्यम से लौट रहे थे। वाहन में परिवार के सदस्यों के साथ कुछ ग्रामीण भी सवार थे। चिनाड के पास कुछ अन्य लोग वाहन में सवार हुए। गतलोग के समीप पहुंचने पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बोलेरो कैंपर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
चार लोगों की मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार राजेंद्र (37), देस राज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और चालक कपिल देव घायल हुए हैं।
चार घायलों की हालत गंभीर
हादसे में कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया। इनमें से एक गंभीर घायल की हालत को देखते हुए उसे आगे उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी संगड़ाह ले जाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
