एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के जुब्बल उपमंडल के अंतर्गत खड़ापत्थर के समीप स्थित ओडी गांव में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे आग ने दो परिवारों के सपनों को राख कर दिया। इस अग्निकांड में करीब 85 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेन्द्र सिंह और उनके भाई हरदयाल सिंह के संयुक्त मकान में अचानक आग लग गई। हादसे के समय घर में सुरेन्द्र सिंह अकेले मौजूद थे। उन्होंने देखा कि मकान की दीवार से लगी तारों में आग लगी है और थोड़ी ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों और अग्निशमन दल की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सुरेन्द्र सिंह और हरदयाल सिंह के दस कमरे, रसोई और स्नानगृह पूरी तरह जल चुके थे। साथ ही कीमती आभूषण, दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
नुकसान का अनुमान:
सुरेन्द्र सिंह: ₹50 लाख
हरदयाल सिंह: ₹35 लाख
प्रशासन की राहत:
राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार युद्ध अभय सिंह ने मौके पर पहुंचकर दोनों प्रभावित परिवारों को ₹15,000 की फौरी राहत, तिरपाल, राशन, खाना बनाने के बर्तन, और अस्थायी आवास की सुविधा प्रदान की।
स्थानीय प्रशासन का कहना:
प्रभावित परिवारों को राहत मैनुअल के अनुसार और भी सहायता दी जाएगी। राजस्व विभाग नुकसान का विस्तृत आंकलन कर रहा है।
