एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज कुल्लू और चंबा जिलों के आपदा प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक राहत सामग्री के दो वाहन राजभवन से रवाना किए। यह राहत सामग्री हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से इन क्षेत्रों में चल रहे पुनर्वास कार्यों के समर्थन में भेजी गई है। भेजी गई राहत सामग्री में 74 रसोई सेट, 300 तिरपाल, 280 कंबल, 20 आश्रय उपकरण किट, तथा अन्य आवश्यक घरेलू वस्तुएं शामिल हैं।
राज्यपाल शुक्ल ने कहा कि राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी आपदाग्रस्त लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने में सराहनीय भूमिका निभा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि रेडक्रॉस के माध्यम से राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे और यदि आवश्यकता पड़ी तो जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रतिनिधियों की मांग के अनुसार अतिरिक्त सहायता भेजी जाएगी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा और राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य भी उपस्थित रहे।
