एआरबी टाइम्स ब्यूरो,कुल्लू
हिमाचल प्रदेश मत्स्य विभाग ने नदीय मत्स्य बीज संग्रहण कार्यक्रम के तहत 3 नवंबर को लगभग 1.90 लाख इंडियन मेजर कार्प्स — रोहू और मृगल प्रजाति की मछलियों के बीज ब्यास नदी (कुल्लू) में छोड़े। यह संग्रहण लारजी, बजौरा और कुल्लू पीरडी क्षेत्रों में विभागीय वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी डी.सी. आर्य की देखरेख में विभागीय स्टाफ की उपस्थिति में किया गया।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के अंतर्गत राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (NFDB) के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासी, मछुआरे और कुल्लू एंगलिंग एसोसिएशन के सदस्य भी मौजूद रहे। मत्स्य विभाग के निदेशक एवं प्रारक्षी विवेक चंदेल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय प्रजातियों के संरक्षण और मत्स्य उत्पादन में वृद्धि करना है, ताकि प्रदेश में कार्यरत मछुआरों की आजीविका को और सुदृढ़ किया जा सके। विभाग ने सभी स्थानीय लोगों से अपील की कि नदियों और नालों में मत्स्य संरक्षण को प्राथमिकता दें और विभाग को इस दिशा में सहयोग प्रदान करें।
