एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह राणा ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कुफरी–जनेडघाट–चायल संपर्क सड़क पर 51.78 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और जल्द ही इस सड़क को चौड़ा व पक्का करने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
वह कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र की कोटी और दरभोग पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में 3.54 करोड़ रुपये के उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कोटी से मोई जुब्बड़ सड़क (50 लाख), चौखड़िया–धार करेवड़ी सड़क (40 लाख), भराड़िया–भाईला तथा जटोल–ननेया सड़कों का शिलान्यास किया। इसके अलावा दरभोग पंचायत के नए भवन का लोकार्पण किया, जिसे 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है।
कुफरी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है
मंत्री ने कहा कि कुफरी पहले से ही विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने और स्थानीय लोगों के स्वरोजगार को और सशक्त करने के लिए सरकार सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
कसुंपटी क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्य
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पिछले वर्ष की गई 4.50 करोड़ रुपये की घोषणाओं के अंतर्गत कार्य प्रगति पर हैं। क्षेत्र की चार सड़कों में से दो के चौड़ीकरण व पक्का करने की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अन्य दो सड़कों पर प्रक्रिया जारी है। कोटी पंचायत के भवन को पूर्ण करने पर 15 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि छोटे–छोटे विकास कार्यों के लिए 45 लाख और दरभोग पंचायत के लिए 68 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
नया सामुदायिक केन्द्र, बीएड कक्षाएं और बिजली–पेयजल सुधार
कोटी में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से नया पंचायत सामुदायिक केन्द्र बनाया जाएगा। कोटी कॉलेज में अगले सत्र से बीएड की कक्षाएं शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे। क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या समाप्त करने के लिए 8 पुराने ट्रांसफार्मरों को 63 केवी क्षमता में अपग्रेड किया जा रहा है। इसके अलावा पराली खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना पर लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
घोषणाएं
मंत्री ने कार्यक्रमों में कई विकास घोषणाएं भी कीं:
महिला मंडल भवन नीन – 3 लाख
कालो सड़क – 50 हजार
करेवड़ी कैंची सड़क – 50 हजार
महिला मंडल भवन धार करेवड़ी – 1.50 लाख
शावली घाटी सड़क – 50 हजार
करेवड़ी से सीताराम के घर तक सड़क – 50 हजार
सामुदायिक भवन जाटोली – 2 लाख
पराली खड्ड पर पैदल पुल – 3 लाख
कार्यक्रम में उपस्थित
इस अवसर पर पंचायत समिति मशोबरा की अध्यक्ष चंद्रकांता वर्मा, नगर निगम पार्षद नरेंद्र ठाकुर, विशाखा मोदी, पूर्व पार्षद रीता ठाकुर व वैशाली, बीडीओ अंकित कोटिया, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
