एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
श्रीखंड महादेव यात्रा को लेकर ग्राम पंचायत फांचा ने श्रद्धालुओं से प्रशासन की आधिकारिक अनुमति मिलने तक यात्रा पर न जाने की अपील की है। पंचायत ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक अनुमति से पहले यात्रा शुरू करने या अन्य लोगों को यात्रा के लिए प्रेरित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत फांचा के उपप्रधान सुभाष ने बताया कि अभी तक श्रीखंड महादेव यात्रा को प्रशासनिक मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को यात्रा शुरू नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति प्रशासन की अनुमति से पहले यात्रा पर जाता है या अन्य लोगों को भी यात्रा के लिए प्रेरित करता है, तो उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
पंचायत ने कहा कि यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रशासन की ओर से यात्रा को लेकर आवश्यक तैयारियां और औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आधिकारिक अनुमति जारी होने के बाद ही श्रद्धालु यात्रा शुरू करें और प्रशासन तथा पंचायत की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पंचायत ने श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की है। पंचायत का कहना है कि अनुमति मिलने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार यात्रा करना श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक है।
