एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में 26 दिसंबर को बिलासपुर जिला मुख्यालय में आयोजित की जा रही प्रदेश स्तरीय एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो बिमल गुप्ता ने बचत भवन में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बिमल गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा शिमला से शुरू किए गए प्रदेश स्तरीय एंटी-चिट्टा जन जागरूकता अभियान की कड़ी में बिलासपुर में यह वॉकाथॉन आयोजित की जा रही है। इसमें जिला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों सहित समाज के सभी वर्गों से करीब 15 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। वॉकाथॉन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को चिट्टा जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि लगभग सवा दो किलोमीटर लंबी यह वॉकाथॉन रोड़ा सेक्टर स्थित पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) परिसर से शुरू होकर सिंथेटिक स्पोर्ट्स ग्राउंड लुहणू में संपन्न होगी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम से होगी। मुख्यमंत्री उपस्थित जनसमूह को एंटी-चिट्टा अभियान एवं पर्यावरण स्वच्छता को लेकर शपथ दिलाएंगे।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर राजकीय बाल स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान चिट्टा नशे के खिलाफ जन जागरूकता का संदेश देने के लिए गैस बैलून छोड़े जाएंगे तथा मुख्यमंत्री स्वयं वॉकाथॉन में शामिल होकर लोगों का उत्साह बढ़ाएंगे।
वॉकाथॉन मार्ग के दौरान और लुहणू मैदान में मुख्यमंत्री बच्चों व युवाओं से संवाद स्थापित कर नशा मुक्त समाज का संदेश देंगे। इसके साथ ही छह पैराग्लाइडरों के माध्यम से भी आकाश से एंटी-चिट्टा जन जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बिमल गुप्ता ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
