एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
जिला बिलासपुर में दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के उद्देश्य से आगामी 2 जनवरी को एक विशेष चिकित्सा परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के सफल आयोजन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा ने जिला मेडिकल डिसेबिलिटी बोर्ड का गठन कर दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार इस बोर्ड में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं अधिकारियों को शामिल किया गया है। इनमें शिशु रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ एवं क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट सम्मिलित हैं।
डॉ. शशि दत्त शर्मा ने बताया कि यह चिकित्सा परीक्षण शिविर 2 जनवरी को प्रातः 10 बजे से अंतिम लाभार्थी के परीक्षण तक आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन कक्ष संख्या-203, न्यू ओपीडी कॉम्प्लेक्स, क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में उपस्थित होकर चिकित्सा परीक्षण करवाएं, ताकि दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके।
