एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं स्थित रेनबो मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि घुमारवीं जैसे क्षेत्र में एमआरआई जैसी आधुनिक जांच सुविधा का आरंभ होना स्थानीय जनता के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि अब गंभीर बीमारियों की जांच के लिए लोगों को बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय, धन और असुविधा से बचाव होगा।
मंत्री ने रेनबो मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र द्वारा इस प्रकार की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज के प्रति उत्तरदायित्व का परिचायक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ बनाना है और इस दिशा में ऐसे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।
हॉस्पिटल प्रबंधन ने जानकारी दी कि नई एमआरआई मशीन अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित है, जिससे जांच अधिक सटीक, तेज और सुरक्षित होगी। यह सुविधा जटिल रोगों के निदान में सहायक सिद्ध होगी तथा उपचार को समय पर और बेहतर ढंग से संभव बनाएगी। एमआरआई जांच को किफायती दरों पर उपलब्ध करवाने का भी प्रयास किया जाएगा। हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि इस सुविधा के आरंभ होने से बिलासपुर जिला सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें जांच के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
कार्यक्रम में चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
