एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चरण-4 के तहत केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को बड़ी सौगात दी है। केंद्र ने प्रदेश में बनने वाली 249 नई सड़कों के लिए ₹2300 करोड़ की राशि जारी कर दी है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इसकी औपचारिक सूचना हिमाचल सरकार को दे दी है। अप्रैल 2026 से चरण-4 का काम शुरू होगा, जिसके तहत प्रदेश में लगभग 1500 किलोमीटर नई सड़कों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इससे ग्रामीण, जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हाल ही में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर हिमाचल की सड़कों को लेकर मामला मजबूती से उठाया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री की अध्यक्षता में हुई राज्यों के मंत्रियों की बैठक में हिमाचल को यह बड़ी मंजूरी मिली। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना चरण-1 में डोडरा-क्वार क्षेत्र की सड़कों को लॉक कर दिया गया था, जिसे अब खोल दिया गया है। इसके लिए करीब ₹1500 करोड़ की लाइबिलिटी है, जिसकी राशि भी हिमाचल को मिलेगी।
🔸 नई तकनीक से बनेगी सड़कें
इन सड़कों के निर्माण में फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (FDR) जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे सड़कें अधिक टिकाऊ और मजबूत बनेंगी। कुछ सड़कें जो PMGSY चरण-3 में छूट गई थीं, उन्हें भी चरण-4 में शामिल किया गया है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चरण-4 के तहत हिमाचल के हर जिले में नई सड़कें बनेंगी, जिससे प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों का विकास तेज होगा। उन्होंने राशि जारी करने पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।
