एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज अपने नावर क्षेत्र के प्रवास के दौरान पुजारली-4 में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत/सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भवन निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा किया गया है, जो एक सराहनीय कार्य है। उन्होंने इसके लिए विभागीय अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की प्रशंसा की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस भवन के निर्माण से पंचायती राज संस्थाओं के कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी और आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी।
नावर क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली नई गति
इससे पूर्व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नावर क्षेत्र के आराध्य देवता रूद्र के मंदिर में शीश नवाया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि नावर उनकी विधानसभा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यहां विकास कार्यों में आशातीत प्रगति हुई है। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 127 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें विभिन्न सड़कों और भवनों का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग द्वारा 20 करोड़ रुपये भवन निर्माण पर व्यय किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उपमंडल टिक्कर में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) चरण-4 के अंतर्गत 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी योजना के तहत पुजारली पंचायत में कोटी से जगटेली सड़क के निर्माण के लिए 11 करोड़ 60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मेहंदली से सियाओ कैंची मार्ग का निर्माण कार्य 11 करोड़ रुपये की लागत से प्रगति पर है।
पिछले तीन वर्षों में उपमंडल टिक्कर में 45 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया गया है। बिजली विभाग के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र में 125 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं, जिनमें से 9 करोड़ रुपये के कार्य नावर क्षेत्र में प्रगति पर हैं। नावर क्षेत्र के लिए 40 ट्रांसफार्मर स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 15 स्थापित किए जा चुके हैं।
जल शक्ति विभाग के अंतर्गत नावर क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये के कार्य पूरे किए जा चुके हैं तथा अन्य योजनाएं प्रगति पर हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुजारली-4 के भवन का निर्माण 4 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके साथ ही पशु औषधालय के भवन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिस पर 1 करोड़ 13 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 25 बड़े भवनों का लोकार्पण किया गया है, जिनमें स्कूल भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी आजीविका केंद्र जुब्बल तथा विकास भवन कोटखाई शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
यह भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, ग्राम पंचायत पुजारली-4 की प्रधान लाजवन्ती, उप-प्रधान चुनी लाल, बीडीसी सदस्य ज्ञानपति, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ (जु0ना0कोट) के मुनि लाल नरसेठ, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता ओम प्रकाश रांटा, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा, बीडीओ रोहड़ू देवी दयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
