एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बठमाना के तहत जाबरी में महिला मंडल भवन का लोकार्पण किया। यह भवन लगभग साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश इस समय आर्थिक संकट से गुजर रहा है, लेकिन हिमाचल इससे उभरकर फिर से एक मजबूत राज्य के रूप में सामने आएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों के कार्यकाल में भी ऐसे संकट आए, लेकिन प्रदेश निरंतर प्रगति करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने फिजूलखर्ची से बचने की अपील की।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रदेश सरकार ‘हिम ईरा’ ब्रांड के माध्यम से महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को देशभर में बाजार उपलब्ध करवा रही है, जिससे उन्हें घर बैठे रोजगार मिल रहा है। उन्होंने महिला मंडल भवन का उपयोग आजीविका सशक्तिकरण के लिए करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में विकास
उन्होंने कहा कि धामी कॉलेज क्षेत्र की शान है और वहां आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। धामी सीएचसी को आदर्श अस्पताल बनाने की दिशा में कार्य प्रगति पर है, जबकि सुन्नी अस्पताल की क्षमता 100 बेड कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पेयजल, सिंचाई और खेल सुविधाएं
मंत्री ने बताया कि 25 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल योजना तैयार की जा रही है, जिससे क्षेत्र के छूटे हुए घरों को लाभ मिलेगा। सिंचाई योजनाओं पर भी कार्य जारी है। जायसी मंदिर के पास खेल मैदान बनाया जाएगा और जिम के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में शिमला ग्रामीण क्षेत्र में 375 से 400 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। बठमाना पंचायत के लिए अब तक 20 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। मंगला माता से भीगड़ी सड़क के लिए औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बजट जारी किया जाएगा।
नशे के खिलाफ सख्त संदेश
मंत्री ने युवाओं में बढ़ते नशे, विशेषकर चिट्टे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई नशे के कारोबार में संलिप्त है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होगा जब युवा पीढ़ी सुरक्षित रहेगी।
स्थानीय मांगों पर आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान धामी में बंद पड़े कृषि विभाग के सेल ऑफिस को खोलने की मांग उठी। मंत्री ने इस पर सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। थारट सड़क और डंगे का अधूरा कार्य पूरा करने तथा धामी में नया सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की गई। इसके लिए भूमि की तलाश की जा रही है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सोहन लाल, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर, बीडीओ बृजेश, नायब तहसीलदार राजेश शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
