एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
SundarNagar drug case : सुंदरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक और युवती को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी शहर के बस स्टैंड के समीप स्थित एक निजी होटल में ठहरे हुए थे और वहीं से नशे का धंधा चला रहे थे। पुलिस के अनुसार मंगलवार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अपनी महिला साथी के साथ होटल के कमरे में ठहरा हुआ है और चिट्टा बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दोपहर करीब 2:30 बजे मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.017 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। इसके अलावा कमरे से 19,510 रुपये नकद भी मिले हैं, जिन्हें नशे के कारोबार से जुड़ी रकम माना जा रहा है। गिरफ्तार युवक की पहचान अरुण भट्टी निवासी जेल रोड, मंडी के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान पारुल गुलेरिया निवासी पालमपुर, कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
चिट्टा कहां से लाया, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी सूरत में ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके।
यह भी पढ़ें
Shimla : जुब्बल-रोहड़ू में चिट्टा सप्लाई करने वाला गिरोह पकड़ा, युवती समेत सरगना गिरफ्तार
