एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
दूध उत्पादक संघ निरमंड ब्लॉक की बैठक किसान मजदूर भवन निरमंड में आयोजित की गई। बैठक में 23 अप्रैल को दतनगर में प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा के राज्य सचिव देवकी नंद, निर्माण ब्लॉक अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर और सचिव महेश्वर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बजट में दूध के दाम बढ़ाना सराहनीय कदम है, जिसके लिए किसान सभा सरकार का धन्यवाद करती है।उन्होंने कहा कि दाम बढ़ने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में दूध उत्पादकों को उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इसका मुख्य कारण सोसायटियों में दूध की गुणवत्ता मापने वाली मशीनों का अभाव है। इसके अलावा, दूध की पेमेंट समय पर न मिलने से भी उत्पादकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद भी भुगतान नहीं हुआ है, जिससे परिवार का पालन-पोषण करना कठिन हो गया है।
किसान नेताओं ने कहा कि इन समस्याओं को दतनगर में मिल्क फेडरेशन के समक्ष भी उठाया गया, लेकिन न तो सरकार और न ही मिल्क फेडरेशन ने अब तक कोई ठोस कदम उठाया है। उन्होंने यह भी कहा कि पशु औषधालयों में डॉक्टरों के खाली पद होने से पशुपालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 23 अप्रैल के प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए निरमंड की 20 पंचायतों में गांव-गांव बैठकें आयोजित कर दूध उत्पादकों को संगठित किया जाएगा।
बैठक में भोगा राम, रमेश, रोशन लाल, इस्माइल, चंदन, चूड़ा राम, गंगा देवी, मेनका, रीना, भीष्मा देवी और अनारकली सहित कई लोग उपस्थित रहे।
