एआरबी टाइम्स ब्यूरो | जुब्बल/कोटखाई
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जुब्बल उपमंडल की ग्राम पंचायत कोट काईना में दो महत्वपूर्ण संपर्क सड़कों का लोकार्पण किया। इनमें 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित संतोषीनगर-शोली काईन संपर्क मार्ग और 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बने काईना-धरोट संपर्क मार्ग शामिल हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि कोट काईना पंचायत में वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान 6 नई सड़कों का निर्माण किया गया है, जिन पर करीब 4.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा बुशहर क्षेत्र में 18 नई सड़कों का निर्माण भी पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 1.56 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झड़ग तथा 2.38 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारी के भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं, मंढोल पंचायत के अंतर्गत नाबार्ड से वित्तपोषित हरिजन बस्ती मंढोल-शेलापानी जोहटा सड़क का निर्माण कार्य भी जारी है।
शिक्षा मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के तहत सड़क एवं भवन निर्माण के लिए 550 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है और कई विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को याद करते हुए कहा कि उनका मानना था कि सड़कें प्रदेश के विकास की भाग्यरेखाएं हैं। आज सेब बागवानी और पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश की सफलता में सड़कों की अहम भूमिका है।रोहित ठाकुर ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में 171 नई सड़कों का निर्माण किया गया है और यह प्रक्रिया लगातार जारी है। इस दौरान उन्होंने मंढोल से हरिजन बस्ती पाछड़ा सड़क का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में फल एवं सब्जी उत्पादक संघ के अध्यक्ष हरीश चौहान, पूर्व प्रधान ईश्वर सिंह ढोलता, निरंजन चौहान, रूपिंदर ढालटा, गोपाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
