एआरबी टाइम्स ब्यूरो | किन्नौर
किन्नौर जिले के पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत मूरंग में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन मूरंग झूला के समीप मैदान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने की।
मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को उनके घर-द्वार पर सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों सहित सभी वर्गों को सरल, सुगम और व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही, अन्य लंबित मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है। साथ ही पूह और कानम के स्कूलों में CBSE पैटर्न लागू किया जाएगा, जिससे गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत लोगों को भूमि के पट्टे देकर उन्हें मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है, जिससे कमजोर वर्गों को सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित मेगा शिविर में 60 लोगों का निःशुल्क उपचार किया गया और दवाइयां वितरित की गईं। वहीं, आयुष विभाग के शिविर में 190 लोगों का इलाज किया गया। राजस्व विभाग ने मौके पर 15 इंतकाल और 5 प्रमाण पत्र जारी किए। कुल 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 का मौके पर निपटान किया गया, जबकि शेष 17 शिकायतों के जल्द समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में 12 विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई गईं, जिनके माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, सहायक आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
