एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
बुशहर कबड्डी संघ रामपुर के सदस्यों द्वारा वीरवार को रिकॉन्गपीओ से हिमाचल दिवस पर सम्मानित होकर लौट रही भारतीय कबड्डी टीम के खिलाड़ियों का रामपुर पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस टीम में भारतीय कबड्डी टीम की उपकप्तान पुष्पा राणा (जिला सिरमौर), भावना शर्मा (जिला मंडी) और चम्पा ठाकुर (जिला चम्बा) शामिल रहीं। रिकॉन्गपीओ से रामपुर पहुंचने पर संघ के महासचिव दलीप भलुनी, फाउंडर मेंबर संजय सूद और सदस्य तरुण शर्मा ने खिलाड़ियों का स्वागत किया।
हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जिला किन्नौर के मुख्यालय रिकॉन्गपीओ में भारतीय कबड्डी टीम के पांच खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया था। रामपुर पहुंचने पर संघ के सदस्यों ने तीन खिलाड़ियों से मुलाकात कर खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की।
इस दौरान उपकप्तान पुष्पा राणा ने कहा कि हिमाचल की बेटियों को प्रदेश, देश और विदेश में सम्मान मिलना गर्व की बात है। भारतीय टीम का हिस्सा बनना हर खिलाड़ी के लिए सम्मानजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को शीघ्र सरकारी नौकरियों की सुविधा प्रदान की जाए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
पुष्पा राणा ने जानकारी दी कि बीते वर्ष नवंबर में बांग्लादेश में आयोजित वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी, जिसमें हिमाचल के कई खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
