एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
जिला शिमला में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बालूगंज पुलिस थाना की पुलिस ने 64 ग्राम चिट्टा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार से 64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और नकद राशि बरामद हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शोघी की ओर से दो व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शिमला आ रहे हैं और इसे स्थानीय युवाओं में बेचने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही स्पेशल सेल शिमला की टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्ण (35) निवासी कलस्टन, शिमला और कर्ण वर्मा (30) निवासी ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है।
ठियोग के होटल में युवक-युवती गिरफ्तार
उधर, ठियोग थाना पुलिस ने भी नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक होटल में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि शाली बाजार स्थित एक निजी होटल में ठहरे युवक और युवती के पास मादक पदार्थ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा और कमरे की तलाशी ली। इस दौरान तीन ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान जोगेंद्र वेकटा उर्फ दादा निवासी सरोग, तहसील ठियोग और एक युवती निवासी फागू के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
