एआरबी टाइम्स ब्यूरो | धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस जिला नूरपुर के मीलवां क्षेत्र में सीआईए की टीम ने पंजाब नंबर की एक कार से 264.6 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से कार सवार मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है, जो पंजाब के गुरदासपुर का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने कई राज्यों में नशे का एक बड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क फैला रखा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वीरवार को सीआईए नूरपुर की टीम उलेहड़ियां-मीलवां मार्ग पर रेलवे फाटक के पास रूटीन चेकिंग पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि पंजाब का एक बड़ा नशा सप्लायर अपनी कार में भारी मात्रा में हेरोइन छिपाकर मीलवां क्षेत्र में सप्लाई देने आ रहा है। सूचना मिलते ही सीआईए टीम ने तत्परता दिखाई और संदिग्ध कार को घेर लिया। जब टीम ने कार की गहनता से तलाशी ली, तो वे भी हैरान रह गए। आरोपी ने हेरोइन को छुपाने के लिए शातिर तरीका अपनाया था। चिट्टे को कार के स्टीयरिंग काउल कवर के अंदर छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान एक पारदर्शी पॉलिथीन पैकेट बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से मौके पर ही जांच करने पर चिट्टा होने की पुष्टि हुई। बरामद हेरोइन का कुल वजन 264.6 ग्राम मापा गया है।
आरोपी पर पहले से ही 3 राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र सिंह (41), निवासी भर्टवाल (डाकघर रियाली कलां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब) को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उसकी कार को कब्जे में ले लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी एक शातिर तस्कर है और उसके खिलाफ पहले से ही जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से तीन राज्यों में फैले अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क की कड़ियों को तोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी।
“प्रतिबंधित हेरोइन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पंजाब नंबर की कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नूरपुर थाने में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नशीले पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई करना था। ” – कुलभूषण वर्मा, एसपी (नूरपुर)
