एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी में मरीजों को इन दिनों जरूरी जांच सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल का एक्स-रे प्लांट पिछले चार दिनों से तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ा है, जबकि अल्ट्रासाउंड मशीन भी पूरी तरह खराब हो जाने से मरीजों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
क्षेत्र के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल खनेरी अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। दुर्घटनाओं, हड्डी रोगों, छाती संबंधी बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों के लिए एक्स-रे जांच बेहद महत्वपूर्ण होती है। लेकिन मशीन बंद होने के कारण मरीजों को निजी लैब और जांच केंद्रों में जाना पड़ रहा है, जहां उन्हें अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है।
दूरदराज के गांवों से आने वाले मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई लोगों को जांच के लिए अलग से समय निकालना पड़ रहा है, जबकि कुछ मरीजों को रिपोर्ट के अभाव में उपचार शुरू होने का इंतजार करना पड़ रहा है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध न होने से उनका भरोसा प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि खराब पड़ी मशीनों को जल्द चालू करवाया जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके और उन्हें निजी संस्थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अल्ट्रासाउंड सेवा भी ठप::::
अस्पताल में लगी अल्ट्रासाउंड मशीन भी अब पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी है। करीब दो दशक पुरानी यह मशीन लंबे समय से तकनीकी समस्याओं का सामना कर रही थी। विशेषज्ञों के अनुसार मशीन इतनी पुरानी हो चुकी है कि इसके पुर्जे बाजार में उपलब्ध नहीं हैं, जिससे इसकी मरम्मत संभव नहीं रह गई है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोशन लाल कौंडल ने बताया कि एक्स-रे प्लांट की खराबी को दूर करने के लिए तकनीकी टीम कार्य कर रही है और जल्द ही सेवा बहाल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन को बदलने के लिए स्वास्थ्य विभाग को नई मशीन की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजा गया है।
