एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में रोहतांग मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके 11 माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा कोकसर से करीब चार किलोमीटर दूर धारा वाटरफॉल के पास हुआ, जहां पर्यटकों की कार करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, पर्यटक मनाली से अटल टनल होते हुए रोहतांग दर्रा घूमने जा रहे थे। धारा वाटरफॉल के पास प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के लिए वाहन को सड़क किनारे रोका गया। चालक समेत कुछ लोग कार से बाहर उतर गए, जबकि वाहन के भीतर दो महिलाएं और एक बच्चा मौजूद थे। इसी दौरान कार अचानक ढलान की ओर फिसल गई और बैक गियर में पीछे की तरफ लुढ़कते हुए करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल लोगों को तुरंत मनाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तनु कुमारी और उनके 11 माह के बेटे दक्ष को मृत घोषित कर दिया। दोनों हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सियाराम एन्क्लेव के निवासी थे। वहीं, हादसे में घायल सविता देवी निवासी वैशाली (बिहार) का मनाली के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि मामले में दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

1 Comment
Pingback: Himachal: चंबा में बड़ा हादसा, बोलेरो गहरी खाई में गिरी; मुंडन संस्कार से लौट रहे सात लोगों की मौत