एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
एसजेवीएन की लूहरी जलविद्युत परियोजना स्टेज-1 के निर्माण कार्य से प्रभावित किसानों की फसल नुकसान और मकानों को हुए नुकसान के लंबित मुआवजा मामलों के शीघ्र अदायगी को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सातवें वित्तायोग के अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंद लाल ने की, जबकि एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में उपमंडल रामपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लंबित फसल क्षति आकलन मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही ग्राम पंचायत करांगला और बडाच में मकानों में आई दरारों एवं अन्य क्षति से जुड़े लंबित मामलों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बैठक के दौरान 4 अक्तूबर 2025 को राजस्व मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप फसल क्षति के प्रतिशत के पुनर्मूल्यांकन तथा मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया। निन्नू डंपिंग साइट से प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति के आकलन के लिए जोन निर्धारित करने के प्रस्ताव पर भी अधिकारियों ने चर्चा की।
इसके अलावा ग्राम पंचायत दत्तनगर में एलएचईपी स्टेज-1 की डंपिंग गतिविधियों के कारण वर्ष 2021-22 और 2022-23 के दौरान हुई फसल क्षति के आकलन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में फसल क्षति मुआवजा आकलन के लिए निर्धारित 900 मीटर की अधिकतम दूरी में शिथिलता देने तथा दोई शरण क्षेत्र को भी मुआवजा दायरे में शामिल करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
बैठक में परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा, परियोजना अधिकारी अल्का जायसवाल, संदीप, ग्राम पंचायत देलठ के प्रधान उमादत्त शर्मा, उपप्रधान कैलाश शर्मा, ग्राम पंचायत बड़ाच के उपप्रधान इंद्रपाल ठाकुर सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
